नर्सिंग स्टाफ पर नशे में अस्पताल में हंगामा करने का आरोप, होगी जांच

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के पाबौ ब्लाक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक नर्सिंग स्टाफ द्वारा कथित रूप से नशीले पदार्थ के सेवन के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा करने का मामला सामने आया है। स्टाफ कर्मी पर मंगलवार रात्रि को शराब के नशे में अस्पताल परिसर में अभद्र व्यवहार और हुड़दंग करने का आरोप लगा है। घटना के बाद अस्पताल कर्मियों में आक्रोश है और उन्होंने सीएमओ से मुलाकात कर सुरक्षित कार्य वातावरण की मांग की।

अस्पताल प्रभारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि घटना के समय अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों ने इसकी शिकायत अस्तपाल प्रबंधन से की। आरोप है कि संबंधित कर्मी नशे की हालत में स्टाफ व प्रभारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे, जिससे अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया। अस्पताल प्रशासन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर मामले की लिखित शिकायत चौकी पाबौ में दर्ज कराई गई।

बताया कि बुधवार को अस्पताल के कर्मी मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिलने पौड़ी पहुंचे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव प्रसाद शुक्ला ने मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर संबंधित नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही। अस्पताल प्रभारी ने बताया कि इस मामले में विभागीय जांच भी शुरू की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डॉ टीना, स्टाफ नर्स सुमनदास, राधा स्वरूप आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story