नई टिहरी में स्थापित की जाएगी महाराजा सुदर्शन शाह की मूर्तिः किशोर
नई टिहरी, 10 नवंबर (हि.स.)। टिहरी के विधायक किशोर उपाध्याय ने बताया कि अगले माह 28 दिसम्बर को टिहरी रियासत के संस्थापक रहे स्व. महाराजा सुदर्शन शाह की मूर्ति की स्थापना जिला नई टिहरी में की जाएगी। 28 दिसम्बर को ऐतिहासिक पुरानी टिहरी का जन्म बार भी होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे पत्र में मूर्ति स्थापना को लेकर जिला प्रशासन को आदेश निर्गत करने की मांग की है।
विधायक ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि टिहरी रियासत (टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग का जखोली क्षेत्र) की स्थापना महाराजा सुदर्शन शाह ने आतताइयों को पराजित कर की थी। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक व प्रशासनिक सुधार किए। सरकारी कर्मचारियों के लिए पहली बार सरकारी आवासों की व्यवस्था की।
वहीं आमजन के लिए बहुत ही कम मूल्य पर आवास उपलब्ध कराए। बताया कि तत्कालीन समय में राज्य के संसाधन भी बहुत कम थे। राजस्व संबंधी सुधार किए और भूमि बंदोबस्त भी स्व. शाह ने किया। 1949 में राज्य का विलय भारत के साथ हुआ बताया कि विलय के समय तय शर्तों का भी अभी तक जनहित में क्रियान्वयन नहीं हो पाया है। विधायक ने मूर्ति स्थापना के लिए स्थानीय लोगों से एकमत होकर स्थान चिन्हित करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

