नंबर प्लेट हटाई, रंग बदला... फिर भी पकड़े गए स्कूटी चोर

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 21 सितंबर (हि.स.)। स्कूटी चोरी करने के बाद पहचान छिपाने के लिए उसका रंग बदलना और नंबर प्लेट हटाना भी दो किशोरों को पुलिस की नजर से नहीं बचा सका। श्रीनगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया है।

श्रीनगर निवासी अमित रावत ने 17 सितंबर को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 15 सितंबर को ब्रह्मकुमारी आश्रम के गेट के सामने अपनी स्कूटी खड़ी की थी। अगले दिन स्कूटी वहां नहीं मिली। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

क्षेत्राधिकारी सदर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों तक पहुंच बनाई। 20 सितंबर को चोरी की स्कूटी दोनों किशोरों के कब्जे से बरामद कर ली गई।

पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने के लिए किशोरों ने स्कूटी का मूल रंग स्प्रे से काला कर दिया था और नंबर प्लेट भी हटा दी थी। पूछताछ में सामने आया कि दोनों नौवीं और दसवीं कक्षा के छात्र हैं। पुलिस के मुताबिक, स्कूटी चलाने के शौक और मौज-मस्ती के लिए उन्होंने बिना अनुमति स्कूटी उठा ली थी। टीम मे उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल हरदयाल सिंह पवार, हेड कांस्टेबल संजय, कांस्टेबल महावीर सिंह, कांस्टेबल प्रवीण पुरी और होमगार्ड सतीश गैरोला शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story