धारा-नौलों का होगा संरक्षण, 10 दिन में मांगी रिपोर्ट

WhatsApp Channel Join Now
धारा-नौलों का होगा संरक्षण, 10 दिन में मांगी रिपोर्ट


पौड़ी गढ़वाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सारा की बैठक हुई। बैठक में ऐतिहासिक, पौराणिक और सांस्कृतिक महत्व के धारा-नौलों के संरक्षण, पुनर्जीवन और सौंदर्यीकरण पर चर्चा की गई।

उप निदेशक जलागम ने बताया कि जिले में ऐसे 17 धारा-नौले चिन्हित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को इनके संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के साथ जल संरक्षण व सौंदर्यीकरण की संभावनाओं का सर्वे कर 10 दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने परंदा, कोला समेत अन्य क्षेत्रों में प्रस्तावित जल संरक्षण कार्यों का तकनीकी टीम से मौके पर निरीक्षण कराने को कहा। उन्होंने जल स्रोतों के आसपास के क्षेत्र को भी व्यवस्थित और आकर्षक बनाने पर जोर दिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए गए चाल-खाल, चेकडैम और अन्य जल संरक्षण कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही खंड विकास अधिकारियों को उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में धारा-नौलों के चिन्हीकरण, नामांकन और मापन के लिए एप विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story