धारचूला में जमानत के बाद युवक की संदिग्ध मौत
पिथौरागढ, 11 सितंबर (हि.स.)।पिथौरागढ़ धारचूला में बिना आईडी के सिम बेचने के मामले में पकड़े गए एक युवक की जमानत के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। वहीं परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
धारचूला में सामने आई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान जुम्मा-शैली गांव निवासी संतोष प्रसाद बगोली के रूप में हुई है।जानकारी के मुताबिक, करीब दो दिन पहले एसओजी टीम ने बिना आईडी कार्ड के सिम बेचने के आरोप में संतोष को पकड़ा था। पुलिस के अनुसार, उसके पास से तीन कथित तौर पर अवैध प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था
।इस मामले में धारचूला कोतवाली में धारा 318(4) बीएनएस और धारा 42 दूरसंचार अधिनियम 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।बताया जा रहा है कि गुरुवार को संतोष को जमानत मिल गई थी। जमानत के बाद वह अपने किराए के कमरे में पहुंचा, जहां देर शाम उसका शव फंदे से लटका मिला।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
परिजन का कहना है
परिजनों ने घटना की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।परिजनों के मुताबिक, पिता के निधन के बाद परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संतोष के कंधों पर थी। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं।
संतोष की मौत के बाद परिवार का सहारा छिन गया है।वहीं, घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने मामले की जांच और कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, धारचूला के एक दुकानदार से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।फिलहाल युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल

