धनतेरस पर पौड़ी के बाजारों में उमड़ी भीड़, देर शाम तक खरीदारी में जुटे रहे लोग

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 06 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस पर्व को लेकर पौड़ी शहर के बाजारों में रौनक छाई रही। शुक्रवार को सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ ही बाजारों में भीड़ बढ़ती गई। धारा रोड सहित शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। त्योहार को लेकर बाजारों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

धनतेरस पर खरीदारी को शुभ मानते हुए लोगों ने बर्तन, पूजा सामग्री, मिठाई, सजावटी सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी की। वहीं, दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से व्यापारियों में भी उत्साह देखने को मिला। बाजारों में सजी दुकानों और खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ ने त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया। धारा रोड समेत अन्य बाजारों में लोगों की भीड़ के चलते काफी चहल-पहल रही। कई लोग परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचे। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को सजाया हुआ है। धनतेरस पर बाजारों में बढ़ी रौनक से व्यापारियों को दीपावली तक अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773259 Articles

Share this story