देवप्रयाग बस अड्डे के निकट 1.30 करोड़ से बनेगा शॉपिंग काम्पलेक्स
नई टिहरी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए सरकार और पालिका प्रशासर ने वार्ड एक में बस अड्डे के निकट करीब एक करोड़ 30 लाख 61 हजार रूपये की लागत से शॉपिंग काम्पलेक्स (दुकान निर्माण) कार्य का शिलान्यास किया गया। स्थानीय लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे।
वीरवार को विधायक विनोद कंडारी और नगर पालिकाध्यक्ष ममता देवी ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कहा कि इस परियोजना के माध्यम से नगर क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा व बाजार को विस्तार मिलेगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दुकानों के संचालन से स्थानीय व्यापारियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही, बस अड्डे के निकट विकसित होने वाली यह सुविधा नगर की व्यावसायिक गतिविधियों में बढ़ोत्तरी करेगी।
विधायक कंडारी ने कार्यदायी संस्था को समय और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा का देवप्रयाग मुख्य पड़ाव है। ऐसे में यहां पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनने से बाजार और आकर्षक लगेगा। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि ध्यानी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

