दुर्गम और जोखिमपूर्ण मार्ग व बेदनी से आगे यात्रा सीमित करने की सलाह

WhatsApp Channel Join Now

गोपेश्वर, 08 सितम्बर (हि.स.)। नंदा देवी बड़ी जात यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। वन विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम के स्थलीय निरीक्षण में यात्रा मार्ग के कई हिस्से अत्यंत दुर्गम, जोखिमपूर्ण और भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील पाए गए। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं से सुरक्षा मानकों का पालन करने और उच्च हिमालयी क्षेत्र में यात्रा को यथासंभव सीमित रखने की अपील की गई है।

संयुक्त टीम ने वाण से होमकुंड होते हुए सुतोल तक तथा सुतोल से होमकुंड तक प्रस्तावित पैदल यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान वाण से ज्यूरागली तक करीब 32 किलोमीटर और सुतोल से होमकुंड तक करीब 34 किलोमीटर क्षेत्र का स्थलीय परीक्षण किया गया। निरीक्षण में मार्ग के कई हिस्से आपदा की दृष्टि से संवेदनशील और जोखिमपूर्ण मिले।

स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ ने श्री नंदा देवी बड़ी जात आयोजन समिति को पत्र जारी कर वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक एडवाइजरी का पालन करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित यात्रा मार्ग दुर्गम वन क्षेत्रों और विभिन्न पड़ावों से होकर गुजरता है, जो आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील हैं। ऐसे में यात्रा का आयोजन आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाना आवश्यक है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि बेदनी से आगे के निर्जन वन क्षेत्र और अन्य पड़ाव विशेष रूप से जोखिमपूर्ण हो सकते हैं। जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में प्रस्तावित यात्रा को यथासंभव सीमित रखने की अपेक्षा की गई है।

प्रशासन ने यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को बेदनी के लिए प्रस्थान से पहले वाण में अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी है। स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जाएगा, जिससे ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को कम किया जा सके।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने आयोजन समिति से यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी निर्धारित व्यवस्थाओं का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही श्रद्धालुओं और आमजन से मार्ग की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अत्यधिक सावधानी बरतने तथा पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story