दुकान से चोरी करते मिले बच्ची के साथ आए महिला-पुरुष
नैनीताल, 31 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों में पर्यटक नित नयी समस्याएं खड़ी कर रहे हैं, और अपनी बुरी से बुरी छवि भी प्रस्तुत कर रहे हैं। हाल के दिनों में नैनीताल के भीमताल में पर्यटक दुकानों के बाहर रखी क्रेटों से पनीर चोरी करते कैमरे में रिकॉर्ड हुए थे, जबकि अब सरोवर नगरी नैनीताल में एक बच्ची के साथ आये महिला व पुरुष के द्वारा एक दुकान से कपड़े चोरी करने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। आरोपितों के पर्यटक होने का संदेह जताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मल्लीताल की न्यू पालिका मार्केट स्थित ‘अनमोल कलेक्शन’ नामक दुकान में एक महिला व एक पुरुष एक बच्चे के साथ बच्चों के कपड़े खरीदने पहुंचे। दुकान संचालक अनमोल के अनुसार दोनों ने बच्चों के कई परिधान देखने के लिए मांगे। इसी दौरान महिला ने कथित रूप से एक फुल स्लीव टी-शर्ट छिपा ली। आरोप है कि पुरुष ने महिला को उसे इसे बैग में रखने का संकेत किया और स्वयं दुकान संचालक का ध्यान अन्य सामान दिखाने में लगाए रखा।
दुकान संचालक के अनुसार खरीदारी के नाम पर परिवार ने कम मूल्य का सामान लिया और भुगतान करने के बाद वहां से चला गया। बाद में स्टॉक मिलान के दौरान एक टी-शर्ट कम मिलने पर संदेह हुआ। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गयी, जिसमें कथित रूप से चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड मिली।
घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारी ने अन्य व्यापारियों के साथ संदिग्ध परिवार की तलाश की, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। व्यापारियों ने पर्यटन सीजन के दौरान बाजार क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

