दीपावली पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त


हरिद्वार, 02 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर आमजन की सुरक्षा और बाजारों में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि और पुलिस प्रशासन की टीम ने ज्वालापुर क्षेत्र में पटाखों के गोदामों एवं दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पटाखा कारोबारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रशासन के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट ने पटाखों की दुकानों एवं गोदामों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बाजार में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए अग्निशमन यंत्र निरीक्षण के दौरान सही स्थिति में पाए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग एवं संचालन की जानकारी देने के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया, ताकि आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जा सकें। दुकानदारों को सभी अग्निशमन उपकरण चालू और उपयोग के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

निर्धारित स्थानों पर ही होगी पटाखों की बिक्री

नगर मजिस्ट्रेट ने पटाखा कारोबारियों को निर्देश दिए कि पटाखों का भंडारण और बिक्री निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही की जाए। पटाखों की दुकानें प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही संचालित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फुटपाथ से हटवाया अतिक्रमण, पीली पट्टी के भीतर सामान रखने की हिदायत

ज्वालापुर के बाजारों में निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया। व्यापारियों को दुकानों का सामान निर्धारित पीली पट्टी के भीतर रखने और सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि बाजारों में सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी व्यापारी प्रशासन का सहयोग करें। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान, एसआई हर्ष अरोड़ा, चौकी इंचार्ज विपिन कुमार एवं पुष्कर चौहान सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story