दीपावली पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट, बाजारों से लेकर शहर के प्रवेश मार्गों तक कड़ी निगरानी
पौड़ी गढ़वाल, 07 नवंबर (हि.स.)।दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस अलर्ट मोड पर है। भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की लगातार गश्त के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें मुस्तैदी से डटी हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
त्योहारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तैयार हैं। पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से त्योहार के दौरान सतर्क रहने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

