दिसंबर से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और भोजनमाताओं का मानदेय

WhatsApp Channel Join Now
दिसंबर से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और भोजनमाताओं का मानदेय


देहरादून, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं का मानदेय दिसंबर 2026 से बढ़ाया जाएगा। सरकार की इस घोषणा के बाद रविवार को आंगनबाड़ी कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर उनका आभार जताया।

आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि मानदेय बढ़ाने के सरकार के निर्णय से कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं को आर्थिक राहत मिलेगी। इससे उनका मनोबल भी बढ़ेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके हितों का संरक्षण और कल्याण सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी अहम है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और जरूरी सुविधाएं मिलें।

प्रतिनिधिमंडल में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, अध्यक्ष भगवती बिष्ट और उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781297 Articles

Share this story