द टीचर ऐप का सीडीओ ने किया शुभारंभ
हरिद्वार, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद के राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों के प्रोफेशनल डेवलपमेंट तथा प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारती एयरटेल फाउण्डेशन, नीति आयोग एवं जिला प्रशासन हरिद्वार द्वारा संयुक्त रूप से ऑनलाइन शिक्षक प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ आज विकास भवन रोशनाबाद सभागार में किया गया। कार्यक्रम में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (एफ.एल.एन), डिजिटल शिक्षण, कक्षा प्रबंधन और नवीन शैक्षणिक विधाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी,हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि इससे जिले में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ बनाने के साथ ही डिजिटल शिक्षण के लिए आवश्यक आधुनिक तकनीकी संसाधन शिक्षकों को उपलब्ध होंगे साथ ही द टीचर एप के उपयोग से जिले के शिक्षकों को उच्च-गुणवत्ता वाले डिजिटल शिक्षण संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों का समुचित उपयोग करने हेतु जिले सभी शिक्षको से द टीचर एप का उपयोग करने का आवाह्न किया। जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने कहा कि तकनीक-आधारित प्रशिक्षण से शिक्षकों में आत्मविश्वास, नवाचार की प्रवृत्ति तथा कक्षा प्रबंधन की दक्षता में वृद्धि होगी।
डायट रुड़की (हरिद्वार) के प्राचार्य मेराज अहमद ने कहा कि शिक्षक ही शिक्षा प्रणाली की आधारशिला हैं। यदि शिक्षक निरंतर सीखते रहेंगे तो संपूर्ण शिक्षण व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः परिलक्षित होगा।
इस कार्यक्रम में नीति आयोग प्रतिनिधि के रूप में ले. कर्नल जितेन्द्र कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों के लिए नई तकनीकों और नवीन शिक्षण विधियों को समावेशित कर प्रभावी शिक्षण पर विशेष बल दिया।
एससीईआरटी के असिस्टेंट डायरेक्टर केएल बिजल्वाण ने द टीचर एप के माध्यम सेे जिले के समस्त शिक्षको की क्षमतावृद्धि किये जाने पर जोर दिया।
भारती एयरटेल फाउंडेशन की प्रतिनिधि श्रीमती वीणा त्यागी ने बताया कि द टीचर एप शिक्षणशास्त्र, नेतृत्व, भाषा, सह-शैक्षणिक क्षेत्रों और सामाजिक विज्ञानों में उच्च-गुणवत्ता युक्त शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराता है, यह स्व-गति आधारित पाठ्यक्रमों को इंटरैक्टिव वेबिनार के साथ एकीकृत करता है जिससे शिक्षकों को शोध-आधारित नवाचारों को सीधे कक्षा में लागू करने में सहायता मिलती है। कार्यक्रम में संजय वत्स , प्राथमिक शिक्षक को प्रोएक्टिव टीचर की उपाधि देकर सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

