थलीसैंण में शिक्षा, युवा सशक्तीकरण और पोषण पर मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का जोर

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को थलीसैंण क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर शिक्षा, युवा सशक्तीकरण और पोषण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय थलीसैंण के प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। वहीं, भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित युवा संवाद में युवाओं से चर्चा की और पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया।

महाविद्यालय में आयोजित प्रवेशोत्सव के दौरान डॉ. रावत ने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सफर की शुभकामनाएं देते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने के साथ समाज और राष्ट्र के विकास का मजबूत आधार है। विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी प्रतिभा का विकास करना चाहिए।

युवा संवाद कार्यक्रम में मंत्री ने युवाओं के विचारों, सुझावों और आकांक्षाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को कौशल विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता के अवसरों का लाभ उठाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

पोषण माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में डॉ. रावत ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, बच्चों को उचित पोषण उपलब्ध कराने और कुपोषण दूर करने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वस्थ और सुपोषित बचपन ही सशक्त समाज की नींव है। इसके लिए जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

युवा संवाद कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गणेश नेगी राठी, मंडल अध्यक्ष कमल रावत, जिला पंचायत सदस्य रजनी देवी व अंजली जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख मनवर सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story