थलीसैंण में माताओं को स्तनपान और शिशु स्वास्थ्य के प्रति किया जागरुक

WhatsApp Channel Join Now
थलीसैंण में माताओं को स्तनपान और शिशु स्वास्थ्य के प्रति किया जागरुक


पौड़ी, 07 अगस्त (हि.स.)। विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत बाल विकास परियोजना थलीसैंण में शुक्रवार काे जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माताओं को स्तनपान के महत्व के साथ ही स्वयं के स्वास्थ्य, पोषण तथा शिशुओं की उचित देखभाल के संबंध में जानकारी दी गयी।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि नवजात शिशु के बेहतर स्वास्थ्य और समुचित विकास के लिए स्तनपान अत्यंत महत्वपूर्ण है। माताओं को शिशु के जन्म के बाद स्तनपान की शुरुआत, नियमित स्तनपान तथा बच्चे की उम्र के अनुसार पोषण संबंधी आवश्यकताओं के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही माताओं को अपने खान-पान, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान महिलाओं को बताया गया कि मां का स्वास्थ्य सीधे तौर पर शिशु के स्वास्थ्य और विकास से जुड़ा होता है। इसलिए गर्भावस्था से लेकर प्रसव के बाद तक संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से माताओं से स्तनपान एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी सही जानकारी को अपने परिवार और आसपास की अन्य महिलाओं तक पहुंचाने का भी आह्वान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story