त्योहारों से पहले हल्द्वानी बाजार में अतिक्रमण पर सख्ती की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी , 12 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों के सीजन में बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। बाजार क्षेत्र में सड़कों और पटरियों पर दुकानें सजाने तथा रास्तों पर कारोबार करने की शिकायतों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों को पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन पर्याप्त सुधार नहीं हुआ है।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि हर साल त्योहारों के दौरान बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या सामने आती है। व्यापारियों को कई बार समझाने के साथ ही मुनादी कराकर भी रास्तों और पटरियों पर व्यवसाय न करने की अपील की गई है। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के माध्यम से एक बार फिर मुनादी कराई जाएगी। इसके बाद भी अतिक्रमण जारी रहने पर नगर निगम के साथ मिलकर प्रवर्तन की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का उद्देश्य बाजार में आवागमन सुचारु रखना और त्योहारों के दौरान खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम व परेशानी से राहत दिलाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759801 Articles

Share this story