तहसीलदार ने जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र को सुरक्षित भवन में कराया शिफ्ट

WhatsApp Channel Join Now
तहसीलदार ने जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र को सुरक्षित भवन में कराया शिफ्ट


नई टिहरी, 24 सितंबर (हि.स.)। नरेंद्रनगर ब्लॉक के गजा में निरीक्षण के दौरान जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र का भवन मिलने पर नवनियुक्त तहसीलदार व प्रशिक्षु आईएएस ज्योति ने तत्काल केंद्र को संकुल संसाधन केंद्र के कमरे में शिफ्ट करा दिया है।

उन्होंने जर्जर आंगनबाड़ी भवन को निष्प्रयोज्य घोषित कराने और नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण के प्रस्ताव को अनुमोदित भी कराया। वीरवार को तहसीलदार ज्योति ने नगर पंचायत गजा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, संकुल संसाधन केंद्र और शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, रोगियों की संख्या और अन्य सुविधाओं की जानकारी डॉ. अनिशा मलिक से ली।

आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए सुलभ शौचालय, रोशनदान, खेलकूद की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी और स्कूल भवनों का सुरक्षित होना जरूरी है। यहां पर बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलनी जरूरी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story