डीएम ने केंद्रीय विद्यालय में ली विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने केंद्रीय विद्यालय में ली विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक


पौड़ी गढ़वाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कोटद्वार के किशनपुरी स्थित केंद्रीय विद्यालय में प्रबंधन समिति की पहली बैठक आयोजित की गयी।

बैठक से पूर्व जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने विद्यालय में कक्षा 1 से 6 तक नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या, कक्षाकक्षों तथा शिक्षकों की उपलब्धता, कार्यालय, शौचालय, बैठक कक्ष सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र भरा जाए, जिससे शिक्षण कार्य में निरंतरता एवं गुणवत्ता बनी रहे।

प्रबंधन समिति की बैठक के दौरान नामांकन बढ़ाने, शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा संसाधनों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर एवं प्रिंटर की स्वीकृति प्रदान करते हुए क्रय समिति में तकनीकी एवं वित्तीय सदस्यों के नामांकन को अनुमोदित किया।

जिलाधिकारी ने विद्यालय में खेल सुविधाओं के विस्तार, सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन तथा अभिभावकों के सुझावों को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया। प्रभारी प्राचार्या मनीषा मखीजा ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय का संचालन 12 जून 2025 से शुरू हुआ है। तथा वर्तमान में विद्यालय में शिवाजी, अशोक, टैगोर एवं रमन सदनों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

इस मौके पर नगर आयुक्त पीएल शाह, उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्भय सिंह आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story