जीबीपीआईईटी के 14 विद्यार्थियों का हुआ कैंपस प्लेसमेंट
पौड़ी गढ़वाल, 03 नवंबर (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज (जीबीपीआईईटी), पौड़ी गढ़वाल के विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। संस्थान में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के अंतिम साक्षात्कार चरण में 14 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को 5.5 लाख रुपये वार्षिक का पैकेज मिलेगा।
प्लेसमेंट में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग से आदित्य, समृद्धि भट्ट और स्वर्णिका यादव ने सफलता हासिल की। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग से अरनव बंसल, आशुतोष शुक्ला, भवेश पांडे, मयंक सैनी, रितेश बिष्ट, शुभम सिंह रावत, सृष्टि करण, टिया गाबा, वैभव राज और वंश सिंह का चयन हुआ है।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वीके बंगा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता संस्थान के शैक्षणिक वातावरण और उनकी मेहनत को दर्शाती है।
प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग के डीन डॉ. केएस भाटिया ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्लेसमेंट ड्राइव के सफल आयोजन में संबंधित विभागों के समन्वयकों और प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

