जियो टावर से पार्ट्स चोरी करने वाले आरोपित को किया गिरफ्तार
पौड़ी गढ़वाल, 10 जून (हि.स.)। देवप्रयाग पुलिस ने जियो टावर से पार्ट्स चोरी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले में कार्रवाई की जा रही है।
बताया कि 21 अगस्त 2025 को पौड़ी निवासी सुंदर सिंह ने राजस्व पुलिस चौकी बनगढ़स्यूं में तहरीर देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जियो टावर के पार्ट्स चोरी कर लिए है। जिस संबंध में राजस्व क्षेत्र पट्टी बनगढ़स्यूं, पौड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में मामला रेगुलर पुलिस के पास आया।
बताया कि चोरी के खुलासे के लिए टीम बनाई गई। टीम ने साक्ष्यों, गोपनीय जानकारियों, तकनीकी माध्यमों के आधार पर आरोपी की पहचान के लिए उसके संबंध में निरंतर जानकारी एकत्रित की गई। बताया कि चोरी में शामिल आरोपी नरोत्तम, निवासी- बरेली, उत्तर प्रदेश को खाण्डूसैंण क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने जियो टावर से चोरी किए गए पार्ट्स को बेच देने की बात स्वीकार की। बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह, उनि संदीप चौहान, कांस्टेबल जसवंत सिंह शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

