जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान, सोसाइटी ने बांटे स्कूल बैग

WhatsApp Channel Join Now
जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान, सोसाइटी ने बांटे स्कूल बैग


पौड़ी गढ़वाल, 13 सितंबर (हि.स.)। संसाधनों की कमी से किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए पुराहन वेलफेयर सोसाइटी, लक्ष्मी नगर नई दिल्ली ने पहल की। जनता इंटर कॉलेज परसुंडाखाल में आयोजित कार्यक्रम में मातृ-पितृ विहीन और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग समेत आवश्यक पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। शैक्षिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।

सोसाइटी की अध्यक्ष सुधा मालकोटी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक राजकुमार पोरी ने की। विधायक ने कहा कि आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास जरूरी हैं। संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने छात्रहित में विद्यालयों के समयानुसार अपग्रेडेशन पर भी जोर दिया।

सुधा मालकोटी ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए सहयोग देने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू ने सोसाइटी और सुधा मालकोटी का आभार जताया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सुनील रावत, उत्तराखंड के सलाहकार राजेश गैरोला, विहिप की संगठन मंत्री श्रद्धा, प्रांत सह संयोजक प्रीति शुक्ला, जिला प्रचारक राजेंद्र, अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष नरेंद्र टम्टा, क्षेत्र पंचायत सदस्य विमला रावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुशील रावत और नगर प्रवक्ता उदय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

इस दौरान किशोर जुयाल, इंदु जोशी, पीतांबर सिंह और साक्षी बड़थ्वाल ने विद्यार्थियों को लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। संचालन राकेश नौटियाल ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story