जनसेवा शिविर में 128 लाभार्थियों को मिला विभिन्न योजनाओं का लाभ

WhatsApp Channel Join Now
जनसेवा शिविर में 128 लाभार्थियों को मिला विभिन्न योजनाओं का लाभ


पौड़ी गढ़वाल, 08 जुलाई (हि.स.)।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड दुगड्डा के जिला उद्योग केंद्र सभागार, कोटद्वार में जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।

शिविर में पहुंचे लोगों की शिकायतों और आवेदनों पर संबंधित विभागों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अनेक मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण, प्रमाण-पत्र वितरण, स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी, रोजगार संबंधी पंजीकरण, औषधि वितरण तथा कृषि संबंधी सहायता उपलब्ध करायी गयी। अधिकारियों ने लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविर शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों से पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंच रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 19 जुलाई तक आयोजित होने वाले सभी शिविरों में अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित न रखा जाए।

कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है। महिलाओं, किसानों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा जरूरतमंद वर्ग के लिए संचालित योजनाओं का लाभ लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। शिविर में कुल 128 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिया गया।

उद्योग विभाग ने 50 लाभार्थियों को ऋण वितरण समायोजन पत्र, यूडीवाईएम प्रमाण-पत्र तथा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग ने 30 लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक प्रमाण-पत्र जारी किए।

ग्राम्य विकास विभाग ने 10 युवाओं के रोजगार आवेदन भरवाए तथा आयुर्वेद विभाग ने 10 लाभार्थियों को निःशुल्क औषधियां वितरित कीं। समाज कल्याण विभाग ने पांच लोगों को वृद्धावस्था पेंशन योजना की जानकारी दी। बाल विकास विभाग ने तीन पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की तथा उद्यान विभाग द्वारा 20 लाभार्थियों को सब्जी के बीज वितरित किए गए।

इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. डॉ. राजेंद्र अण्थवाल, सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल, महापौर शैलेंद्र रावत, भाजपा प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा राजगौरव नौटियाल, नगर आयुक्त पी एल शाह, उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story