जनसुनवाई कार्यक्रम में 30 शिकायतें दर्ज, 12 का मौके पर निस्तारण
हरिद्वार, 13 अप्रैल (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, एलपीजी गैस सिलेंडर, अतिक्रमण, पेंशन और पोषण जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
कार्यक्रम में ग्राम मिस्सरपुर, कनखल निवासी रामनाथ सैनी ने अपनी बेटी के विवाह के लिए एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग रखी। वहीं, ग्राम पंचायत सोहलपुर सिकरौढ़ा की प्रधान श्रीमती प्रीति ने रतमऊ नदी के बढ़ते जलस्तर से हर वर्ष होने वाली बाढ़ एवं भूमि कटाव की समस्या के समाधान हेतु जिला योजना के अंतर्गत पैचिंग निर्माण कार्य स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
ग्राम अमीपुर उर्फ मल्हूमाजरा, तहसील रुड़की निवासी नरेंद्र अरोड़ा ने खसरा संख्या 53 एवं 57 के पास सरकारी सेक्टर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने और मार्ग की निशानदेही कराने की मांग की। वहीं, 75 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक रतिराम ने अपने छोटे पुत्र द्वारा उत्पीड़न और धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा, ओसपुर ब्लॉक लक्सर निवासी अशोक ने ऑपरेटर की रुकी हुई सैलरी दिलाने की मांग उठाई, जबकि जमालपुर कलां निवासी सनी कुमार ने गर्भवती पत्नी को आंगनबाड़ी से पोषण सामग्री न मिलने की शिकायत दर्ज कराई।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें विभागीय समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान किया जाए। साथ ही, सभी अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, सहायक आयुक्त खाद्य महिमानंद जोशी, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, स्वजल के चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

