जनपद स्तरीय क्विज में एकेश्वर ब्लॉक की टीम ने मारी बाजी

WhatsApp Channel Join Now
जनपद स्तरीय क्विज में एकेश्वर ब्लॉक की टीम ने मारी बाजी


पौड़ी गढ़वाल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को मैसमोर इंटर कॉलेज पौड़ी में जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के नौ विकासखंडों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छह राउंड तक चले मुख्य मुकाबले में विकासखंड एकेश्वर की राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संतुधार की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। यह टीम अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिला विज्ञान एवं सूचना अधिकारी हेमंत काला, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अंशुल बिष्ट और शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. पंचम सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से जनपद के नौ विकासखंडों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें बेहतर प्रदर्शन के आधार पर एकेश्वर, यमकेश्वर, कोट, द्वारीखाल, दुगड्डा और थलीसैंण विकासखंड की टीमों ने अगले चरण में जगह बनाई।

दूसरे चरण में आयोजित मुख्य क्विज के छह राउंड के बाद एकेश्वर विकासखंड की राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संतुधार की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। थलीसैंण विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज हिंवलीधार की टीम दूसरे और दुगड्डा विकासखंड की टीम तीसरे स्थान पर रही।

प्रतियोगिता में तकनीकी सलाहकार के रूप में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अर्जुन सिंह नेगी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खिर्सू के प्रधानाचार्य सुबोध कुमार नेगी और अनूप रावत ने सहयोग किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जयदीप रावत, महेंद्र रौथन, भवान सिंह नेगी, मनोज कुमार काला, नवेंद्र सिंह नेगी, अनीता रावत, विक्रम सिंह रावत, रघुराज चौहान, अविनाश जॉन, बलवंत सिंह नेगी, सुबोध कुकरेती, रविंद्र रौतेला, अनूप बड़थ्वाल, चंद्रमोहन सिंह असवाल, दीपक रावत, वेदप्रकाश डोभाल और आशीष बेलवाल सहित अन्य लोगों ने योगदान दिया।

कार्यक्रम स्थल संयोजक एवं मैसमोर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि हेमंत काला ने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने जा रही एकेश्वर विकासखंड की टीम को शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762001 Articles

Share this story