जनगणना के प्रथम चरणके लिए कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
नैनीताल, 06 अप्रैल (हि.स.)। आगामी 25 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले जनगणना कार्य के प्रथम चरण के लिए जनपद में तहसील एवं नगर स्तर पर कार्मिकों को विभिन्न बैचों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। नैनीताल नगरीय क्षेत्र में राज्य संपत्ति विभाग के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की उपस्थिति रही, जबकि भीमताल, धारी एवं रामनगर में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण एवं गणना डिजिटल अनुप्रयोग के माध्यम से की जाएगी तथा संस्थागत एवं गैर संस्थागत परिवारों की पहचान के साथ मकानों का चिह्नीकरण किया जाएगा। उधर शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान भीमताल में प्राचार्य सुरेश कुमार एवं शिक्षा भवन नैनीताल में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जायसवाल की उपस्थिति में प्रशिक्षण दिया गया, जहां आंकड़ों की शुद्धता एवं समयबद्धता पर विशेष बल दिया गया। प्रशिक्षण का संचालन कमल मेहरा, अक्षत भट्ट, ज्योतिर्मय मिश्रा एवं संजय गुरुरानी की देखरेख में किया गया। प्रशिक्षण में निर्धारित 311 में से 295 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

