चुनावी मोड में चमोली, 23 अक्टूबर से ईवीएम, वीवीपैट की जांच

WhatsApp Channel Join Now
चुनावी मोड में चमोली, 23 अक्टूबर से ईवीएम, वीवीपैट की जांच


-विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में तेजी

-राजनीतिक दलों की मौजूदगी में परखी जाएंगी मशीनें

गोपेश्वर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव-2027 से पहले चमोली में निर्वाचन तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। जिले में 23 अक्टूबर से ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फस्र्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) शुरू होगी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की जांच होगी। मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की समयसीमा भी तय कर दी गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मशीनों की सुरक्षा, जांच की पारदर्शिता और मतदान केंद्रों की व्यवस्था पर प्रशासन का फोकस रहेगा।

बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा हो। ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में 23 अक्टूबर से प्रतिदिन सुबह नौ से शाम सात बजे तक एफएलसी होगी। सार्वजनिक अवकाश में भी जांच जारी रहेगी। किसी राजनीतिक दल का प्रतिनिधि लगातार तीन दिन अनुपस्थित रहता है तो संबंधित दल को पत्र भेजकर सूचित किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि चमोली जिले में वर्तमान में 1,130 बैलेट यूनिट, 1,400 कंट्रोल यूनिट और 1,294 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध हैं। एफएलसी में शामिल होने के लिए राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को 22 अक्टूबर तक फोटो, अधिकृत पत्र, आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र की प्रति और मोबाइल नंबर जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराने होंगे। एफएलसी हॉल में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। जिलाधिकारी ने जांच प्रक्रिया में केवल अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश देने और सुरक्षा व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने को कहा।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, चमोली के एसडीएम राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती तथा भाजपा से विनोद कनवासी, कांग्रेस से मदन लोहनी और सीपीएम से ज्ञानेंद्र सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार एक जनवरी की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जाएगा। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण और पुर्नव्यवस्थापन दो नवंबर तक पूरा होगा। एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची 12 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज होंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी को प्रकाशित होगी।

पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या प्रविष्टियों में संशोधन के लिए बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764250 Articles

Share this story