घुड़दौड़ी संस्थान व एपीएसइनोवेटिव के बीच हुआ एमओयू
पौड़ी गढ़वाल, 26 अप्रैल (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के कम्प्यूटर साइंस एवं एप्लीकेशन्स विभाग द्वारा आईटी क्षेत्र की प्रतिष्ठित संस्था एपीएसइनोवेटिव के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। संस्थान के मुताबिक इस पहल का उद्देश्य उद्योग-संस्थान सहभागिता को सुदृढ़ करना व छात्रों की रोजगार क्षमता को बढ़ाना है।
संस्थान के निदेशक डा. वीके बंगा ने बताया कि इस एमओयू के अंतर्गत एमसीए छात्रों के लिए संरचित बूटकैम्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रोग्रामिंग, डाटाबेस प्रबंधन, डेटा स्ट्रक्चर्स, एप्टीट्यूड, संचार कौशल व इंटरव्यू तैयारी जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण ऑनलाइन एवं ऑफलाइन (हाइब्रिड मोड) में संचालित होगा, जिससे छात्रों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक ज्ञान एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
बताया कि इससे पूर्व संस्थान द्वारा सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम देहरादून के साथ भी एमओयू साइन किया गया। जिसके तहत दोनों संस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी, विद्युत अभियांत्रिकी, कंप्यूटर विज्ञान, ट्राइबोलॉजी एवं बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सहयोग, शैक्षणिक आदान-प्रदान एवं संयुक्त अनुसंधान गतिविधियों पर कार्य करेंगे। बताया कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण एवं उद्योगोन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस मौके पर डा. राजेश कुमार, डा. प्रीति डिमरी, डा.केकेएस मेर आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

