ग्रामोत्थान परियोजना के तहत संचालित उद्यमों का परियाेजना निदेशक ने किया निरीक्षण
नई टिहरी, 03 सितंबर (हि.स.)। डीआरडीएम की परियोजना निदेशक व प्रशिक्षु आईएएस ज्योति ने भिलंगना ब्लॉक में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के तहत संचालित विभिन्न सामुदायिक उद्यमों, स्वयं सहायता समूहों और सहकारिताओं का धरातलीय निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यमों की प्रगति, वित्तीय स्थिति और भविष्य की संभावनाओं का जायजा भी लिया।
वीरवार को डीआरडीए परियोजना निदेशक ज्योति ने घनसाली ब्लॉक कार्यालय में अधिकारियों की मीटिंग ली। जिसमें रीप परियोजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों और उनकी प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने रीप परियोजना से वित्त पोषित संगम स्वायत्त सहकारिता द्वारा संचालित सीबीओ आधारित लेवलिंग व प्रिंटिंग यूनिट का निरीक्षण किया। उज्जवल स्वायत्त सहकारिता के कलेक्शन सेंटर के लिए चयनित भूमि का जायजा लिया। जबकि चमियाला में सामुदायिक आधारित उद्यम हिलांश गढ़वाल मार्ट का निरीक्षण करते हुए उसकी भौतिक एवं वित्तीय स्थिति की जानकारी ली। ग्राम पंचायत कोठियाड़ा में सीबीओ आधारित इंटीग्रेटेड फार्मिंग उद्यम को भी देखा।
उन्होंने डीएचओ को क्षेत्र में जल्द पॉलीहाउस स्थापित करने के निर्देश दिए। कहा कि परियोजना के माध्यम से संचालित गतिविधियों को धरातल पर अधिक प्रभावी बनाते हुए स्थानीय लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाना चाहिए। संगम स्वायत्त सहकारिता द्वारा संचालित मॉडर्न नर्सरी का भी निरीक्षण किया गया। ग्राम पंचायत मज्याड़ी में निर्माणाधीन कलेक्शन सेंटर की प्रगति पूछी। प्रगति स्वायत्त सहकारिता देवट द्वारा संचालित सामुदायिक आधारित फूड उद्यम के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर बीडीओ विपिन सिंह, जिला परियोजना प्रबंधक ब्रह्मकांत भट्ट, विजय राम डोभाल, आशीष कोठारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

