ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय से स्वर्ण पदक प्राप्त कर साक्षीने बढ़ाया नैनीताल का गौरव

WhatsApp Channel Join Now
ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय से स्वर्ण पदक प्राप्त कर साक्षीने बढ़ाया नैनीताल का गौरव


नैनीताल, 29 मई (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल की प्रतिभाशाली छात्रा साक्षी चौधरी ने ग्राफिक एरा डीम्ड विश्वविद्यालय, देहरादून से बायो इन्फॉर्मेटिक्स विषय में स्वर्ण पदक प्राप्त कर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर नगरवासियों तथा शिक्षाविदों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

तल्लीताल निवासी साक्षी चौधरी ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि अर्जित की है। इससे पूर्व उन्होंने प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा उन्होंने नैनीताल स्थित सेंट मेरीज कॉन्वेंट विद्यालय से और दिल्ली विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री विषय में स्नातक की उपाधि प्राप्त की थी। साक्षी के पिता राजू राज चौधरी निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सरोज बीना दत्त नैनीताल के ताकुला स्थित महर्षि विद्या मंदिर में शिक्षिका हैं।

साक्षी की सफलता से परिवार में हर्ष का वातावरण है। नगर के विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने साक्षी चौधरी की इस उपलब्धि को नैनीताल के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

उन्होंने कहा कि साक्षी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर यह सिद्ध किया है कि पर्वतीय क्षेत्रों की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story