गुलदार ने दो बैलों को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत

WhatsApp Channel Join Now

लंबगांव, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लॉक की उपली रमोली पट्टी के हेरवाल गांव में गुलदार ने जंगल में चुगान कर रहे दो बैलों पर हमला कर उन्हें मार डाला। घटना के बाद गांव में गुलदार की दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, हेरवाल गांव निवासी शूरवीर की पत्नी गैणा देवी बुधवार को बैलों की जोड़ी को गांव के समीप जंगल में चुगान के लिए ले गई थीं। शाम तक जब बैल वापस नहीं लौटे तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। जंगल में दोनों बैल खून से लथपथ मृत अवस्था में मिले।

घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गांव के राजेंद्र सिंह राणा ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। गुरुवार को वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

डिप्टी वन रेंजर काशीराम थपलियाल ने बताया कि जांच में दोनों बैलों की मौत गुलदार के हमले से होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वन विभाग ने ग्रामीणों से बरसात के मौसम में पशुओं को जंगल में अकेला न छोड़ने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story