गुरुजी बनकर स्कूल पहुंचे एएचटीयू कर्मी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुजी बनकर स्कूल पहुंचे एएचटीयू कर्मी


हरिद्वार, 28 सितंबर (हि.स.)। आदर्श इंटर कॉलेज श्यामपुर में सोमवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) हरिद्वार की टीम ने गुरुजी की भूमिका में छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, नशा, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में करीब 300 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के दिशा-निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक रुड़की एवं नोडल एएचटीयू ओशिन जोशी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने विभिन्न विषयों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया।

कांस्टेबल मुकेश कुमार ने मानव तस्करी के कारणों, दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने नशे और मादक पदार्थों को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इससे दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।

कांस्टेबल दीपक चंद ने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन लालच से सावधान रहने की सलाह दी। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।

पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन का इस्तेमाल करने और उत्तराखंड पुलिस एप की उपयोगिता के बारे में भी बताया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस टीम ने जवाब दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक पैन्यूली ने जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए एएचटीयू टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपराध और नशे से बचाने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए। कार्यक्रम में शिक्षक शहजाद, ऊषा चौहान, हेमलता चौहान, मेहरबान, जितेंद्र सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story