गुरुकुल कांगड़ी में यूपीएससी प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
गुरुकुल कांगड़ी में यूपीएससी प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ


हरिद्वार, 08 मई (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के शिक्षा एवं प्रशिक्षण संकाय द्वारा यूपीएससी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन गुजरात कैडर के 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी व वर्तमान एएसपी भरूच अजय मीणा ने वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।

छात्रों को संबोधित करते हुए आईपीएस अजय मीणा ने कहा कि यूपीएससी देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल है और इसमें सफलता के लिए सबसे पहले लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सही दिशा, समय का सदुपयोग, विषयों के बीच संतुलन और निरंतर मेहनत सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि प्रारंभिक तैयारी के दौरान दैनिक समाचार पत्रों, समसामयिक घटनाओं और सरकारी नीतियों पर विशेष ध्यान केंद्रित करें।

उन्होंने तनाव प्रबंधन पर भी महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है और परीक्षा की तैयारी को बेहतर बनाती है।

प्रशिक्षण केंद्र तथा सूक्ष्मजीव विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. मुकेश कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं तथा विभिन्न प्रशासनिक और प्रतिष्ठित सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देकर संस्थान का गौरव बढ़ा रहे हैं।

डीन कल्चरल अफेयर्स प्रो. मुदिता अग्निहोत्री ने कहा कि किसी भी संस्थान के पूर्व छात्र उसकी सबसे बड़ी पहचान और ब्रांड एम्बेसडर होते हैं। ऐसे सफल एल्यूमिनी वर्तमान छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. हिमांशु पंडित ने किया। इस अवसर पर पूर्व कुलसचिव प्रो. विपुल शर्मा एवं प्रो. नवनीत ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में प्रो. एम.एम. तिवारी, डॉ. नितिन काम्बोज, डॉ. विपुल भट्ट, डॉ. हरीश चंद्रा, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. विनीत विश्नोई, डॉ. चिरंजीव बनर्जी, डॉ. अजीत तोमर, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवकुमार चौहान सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

आईपीएस अजय मीणा गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के वर्ष 2012 बैच के बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स के छात्र रहे हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2014 में रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के रूप में की थी। इसके बाद वर्ष 2018 में राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए और वर्तमान में गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story