गजल्ड गांव में दिनदहाड़े दिखा भालू, ग्रामीणों में दहशत

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 26 नवंबर (हि.स.)।गढ़वाल वन प्रभाग की नागदेव पौड़ी रेंज के चवथ ग्रामसभा स्थित गजल्ड गांव में दिनदहाड़े भालू दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। आबादी के नजदीक भालू की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को खेतों में काम करने और गांव के आसपास के रास्तों पर आवाजाही के दौरान वन्यजीव के हमले का खतरा सता रहा है।

भालू दिखाई देने की सूचना ग्राम प्रधान शंकर नौटियाल ने तत्काल वन विभाग को दी। उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की। सूचना मिलते ही वन विभाग ने टीम को मौके पर भेजा। टीम ने क्षेत्र में गश्त कर स्थिति का जायजा लिया।

डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि भालू दिखाई देने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को संबंधित क्षेत्र में भेज दिया गया है। विभाग की ओर से क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने, अकेले जंगल और सुनसान रास्तों पर जाने से बचने की अपील की। साथ ही भालू दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे छेड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story