गंगोत्री हाईवे के सुधारीकरण के साथ चौडीकरण की मांग

WhatsApp Channel Join Now

उत्तरकाशी, 25 अगस्त (हि.स.)। होटल एसोसिएशन ने गंगोत्री हाईवे पर बने गड्ढों के सुधारीकरण के साथ उसके जल्द चौडीकरण की मांग की है। कहा कि काफी लंबे समय से बीआरओ की ओर से गंगोत्री हाईवे के चौडीकरण की बात कही जा रही है। लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हुआ है। जिस कारण यात्रियों सहित स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मंगलवार को होटल एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य को दिए ज्ञापन में गंगोत्री हाईवे की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। जिसमें कि कहा गया कि गंगोत्री एनएच पर मातली,बडेथी,ज्ञानसू से लेकर गणेशपूर तक काफी सारे गड्ढे बने हुए है। जिस कारण आवाजाही करने में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एनएच पर बने इन गड्ढों पर बीआरओ हर बार मिट्टी,पत्थर भर कर इतिश्री कर देती है। जिसकी हालत कुछ समय बाद पहले जैसे ही हो जाती है।

इसके साथ ही गंगोत्री हाईवे के चौड़ीकरण को लेकर कहा गया कि बीआरओ हर बार काम में देरी कर रहा है। जिसका खामियाजा आम जन के साथ यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। कहा कि सर्वे पूरा होने के बाद भी आज तक एनएच के चौडीकरण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसके साथ ही विभिन्न स्थानो पर हो रहे भूस्खलन के ट्रीटमेंट की भी जल्द मांग की गई।

ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूडा, सुभाष कुमांई, अजय पुरी, दीपेन्द्र पंवार, अशोक सेमवाल, प्रकाश भद्री, शंकर दयाल, गोपीनाथ रावत आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story