कैंचीधाम मेले के दौरान 16 जून तक शटल सेवा से ही होंगे दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
कैंचीधाम मेले के दौरान 16 जून तक शटल सेवा से ही होंगे दर्शन


नैनीताल, 12 जून (हि.स.)। नैनीताल जनपद के विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में 15 जून को बाबा नीब करौरी महाराज के प्राण प्रतिष्ठा दिवस मेले के मद्देनजर प्रशासन ने व्यापक यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू कर दी है। 13 जून की सुबह 6 बजे से विशेष प्रतिबंध प्रभावी हो जाएंगे और 16 जून की सुबह 6 बजे तक लागू रहेंगे।

इस दौरान भारी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि 14 और 15 जून को दोपहिया वाहनों के संचालन पर भी रोक रहेगी। श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवा के माध्यम से ही कैंचीधाम पहुंचना होगा। प्रशासन ने भवाली और खैरना से प्रति यात्री 50 रुपये, भीमताल और नैनीताल से 100 रुपये तथा हल्द्वानी से 150 रुपये शटल किराया निर्धारित किया है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मेले के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापक पार्किंग और यातायात प्रबंधन योजना तैयार की गई है। शटल सेवा के प्रमुख केंद्रों में सेनेटोरियम पार्किंग भवाली, ब्लॉक पार्किंग भीमताल, तल्लीताल टैक्सी स्टैंड नैनीताल, खैरना, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम, रेलवे स्टेशन काठगोदाम, रोडवेज-केमू स्टेशन हल्द्वानी व प्रस्तावित आईएसबीटी पार्किंग गौलापार शामिल हैं। चारपहिया वाहनों के लिए सेनेटोरियम भवाली, नैनीबैंड-1, फरसौली रोडवेज पार्किंग, विकास भवन भीमताल, रेलवे स्टेशन काठगोदाम, रोडवेज-केमू स्टेशन हल्द्वानी और गौलापार में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दोपहिया वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

दिल्ली, एनसीआर, मुरादाबाद, देहरादून और अन्य बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को हल्द्वानी और काठगोदाम में वाहन खड़े कर शटल सेवा का उपयोग करना होगा। रामनगर, कालाढूंगी और लालकुआं क्षेत्र से आने वाले वाहनों को विकास भवन भीमताल पार्किंग की ओर भेजा जाएगा, जबकि नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भवाली स्थित सेनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है। अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ क्षेत्र से आने वाले वाहनों को खैरना पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।

यातायात योजना के अनुसार 13 जून से 16 जून तक भारी मालवाहक वाहनों के संचालन पर विभिन्न मार्गों में प्रतिबंध रहेगा। आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहनों को निर्धारित समय में ही अनुमति दी जाएगी। केमू और रोडवेज बसों का संचालन भी आंशिक रूप से वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से केवल अधिकृत शटल सेवाओं का उपयोग करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने तथा यातायात पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story