कैंची धाम बाईपास का 21 करोड़ 81 लाख से होगा सुधार

WhatsApp Channel Join Now

नैनीताल, 01 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल जनपद के भवाली सेनेटोरियम से कैंची धाम को जोड़ने वाले बाईपास निर्माण की राह में आ रही वन भूमि संबंधी बाधा केंद्रीय स्वीकृति मिलने के बाद दूर हो गई है। वहीं, उत्तराखंड शासन की व्यय वित्त समिति ने कैंची धाम बाईपास मोटर मार्ग के दूनीखाल से रातीघाट (पाडली) तक लगभग 10.5 किलोमीटर हिस्से पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 21.81 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे बाईपास के निर्माण और सड़क को बेहतर बनाने के कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार, बजट संबंधी शासनादेश मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। मार्ग पर डामरीकरण के साथ सुरक्षात्मक कार्य भी किये जाएंगे। बाईपास तैयार होने से ज्योलीकोट की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहन भवाली सेनेटोरियम होते हुए सीधे अल्मोड़ा मार्ग तक पहुंच सकेंगे। इससे भवाली और कैंची धाम क्षेत्र में यातायात का दबाव घटने तथा स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यह मार्ग पर्यटन और पर्वतीय क्षेत्रों के आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story