केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार के चुनाव में जीत डबल इंजन सरकार के कामों पर एक और मुहर: भट्ट
देहरादून, 30 जून (हि.स.)। भाजपा ने तीन स्थानों पर केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव में एकतरफा जीत हासिल की है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए इसे डबल इंजन सरकार के कामों पर जनता की एक और मुहर बताया है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में संपन्न केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के चुनाव में हरिद्वार में अध्यक्ष पद पर विकास तिवारी उपाध्यक्ष पद पर कमली सडाना ने विजय प्राप्त की है। इसी तरह नैनीताल में अध्यक्ष प्रकाश बेलवाल व उपाध्यक्ष गिरीश जोशी और उत्तरकाशी में अध्यक्ष इंदु रजवार व उपाध्यक्ष अमित नौडियाल निर्वाचित हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को जीत पर बधाई दी है।
उन्होंने इसे केंद्र एवं राज्य सरकार के कामों पर जनता की मुहर और पार्टी के विचारों सिद्धांतों के प्रति बढ़ती स्वीकार्यता का परिणाम बताया। वहीं विश्वास जताया कि ये जीत केंद्रीय भंडारों में बेहतर प्रबंधन और उपभोक्ताओं की सुविधा में वृद्धि करने वाली साबित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

