कृष्णापुर में भूस्खलन प्रभावित बोल्डर हटाने को विशेषज्ञ एजेंसी तैनात करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कृष्णापुर में भूस्खलन प्रभावित बोल्डर हटाने को विशेषज्ञ एजेंसी तैनात करने के निर्देश


नैनीताल, 12 मई (हि.स.)। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को नैनीताल के कृष्णापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर गत दिवस हुए भूस्खलन व पहाड़ी से गिर रहे बोल्डरों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयुक्त ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अस्थिर स्थिति में मौजूद विशाल बोल्डरों को रोकने के लिए पूर्व में सिंचाई विभाग द्वारा जाल लगाए गए थे, लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त साबित नहीं हुई। हाल ही में एक बोल्डर गिरने से एक कार और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई थी, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बोल्डरों का सुरक्षित निस्तारण आवश्यक है। इसके लिए स्लोप स्टेबलाइजेशन में विशेषज्ञ एजेंसी को मौके पर बुलाकर आधुनिक तकनीक से बोल्डरों को छोटे टुकड़ों में विभाजित कर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को संबंधित एजेंसी से समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण भी शीघ्र कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने पैदल मार्ग की जर्जर स्थिति और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। इस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को तत्काल मार्ग मरम्मत कार्य शुरू करने तथा बलियानाला क्षेत्र के स्थायी स्थिरीकरण तक मार्ग पर रेलिंग लगाकर उसे सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान विभाग के मैदान से पुराने कूड़ा खड्ड तक वैकल्पिक दोपहिया मार्ग बनाने की मांग भी रखी। इस पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग को शीघ्र सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए नगर पालिका को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो सफाई कर्मी ड्यूटी में लापरवाही बरत रहे हैं, उनका उस दिन का वेतन काटा जाए। आयुक्त ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भूस्खलन और मार्ग धंसने की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी समस्या की जानकारी सीधे उन्हें देने की अपील भी की। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, लोनिवि के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story