कृषि वैज्ञानिक करेंगे गुरुकुल कांगड़ी के उद्यान का सौंदर्यीकरण

WhatsApp Channel Join Now
कृषि वैज्ञानिक करेंगे गुरुकुल कांगड़ी के उद्यान का सौंदर्यीकरण


हरिद्वार, 01 जुलाई (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय को हरित, पर्यावरण-अनुकूल और सौंदर्यपूर्ण स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, धनौरी के युवा कृषि वैज्ञानिक संकाय परिसर के उद्यान के वैज्ञानिक विकास और सौंदर्यीकरण में योगदान देंगे।

इस पहल का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा के साथ प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की भावना को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, धनौरी के सस्य विज्ञान विभाग के प्रोफेसर विनोद चौधरी और उद्यान विज्ञान की वैज्ञानिक डॉ. रेनू ने संकाय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल और उद्यान विभाग के प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र बालियान साथ रहे।

प्रो. विनोद चौधरी ने कहा कि परिसर की भूमि और प्राकृतिक वातावरण अत्यंत अनुकूल हैं। वैज्ञानिक योजना के तहत विभिन्न मौसमों के अनुरूप फूलों, छायादार वृक्षों, औषधीय और सजावटी पौधों का रोपण कर परिसर को आकर्षक और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सकता है।

डॉ. रेनू ने भवनों के भीतर भी इनडोर पौधे लगाने का सुझाव दिया। इससे वातावरण अधिक शांत, स्वच्छ और ऊर्जा से भरपूर बनेगा तथा कार्यक्षमता और सकारात्मकता में वृद्धि होगी।

डॉ. धर्मेंद्र बालियान ने बताया कि संकाय में देश के 22 राज्यों से विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में चरणबद्ध तरीके से वृक्षारोपण, पुष्प वाटिका, औषधीय पौधों और सजावटी हरित क्षेत्रों का विकास किया जाएगा।

निरीक्षण कार्यक्रम में प्रो. विपुल शर्मा, सहायक कुलसचिव डॉ. पंकज कौशिक, डॉ. मयंक पोखरियाल, डॉ. संजय सिंह, उमाशंकर शर्मा, दलजीत सिंह बिष्ट सहित अनेक शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story