कुमाऊं विश्वविद्यालय में एनसीसी कैडेटों के लिए प्रिसीजन शूटिंग प्रशिक्षण शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
कुमाऊं विश्वविद्यालय में एनसीसी कैडेटों के लिए प्रिसीजन शूटिंग प्रशिक्षण शिविर आयोजित


नैनीताल, 27 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में एनसीसी कैडेटों के लिए दो दिवसीय प्रिसीजन शूटिंग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें डीएसबी परिसर, 79 बटालियन आर्मी, 5 यूके नेवल यूनिट, राजकीय पॉलिटेक्निक नैनीताल तथा ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के लगभग 100 कैडेटों ने सहभागिता की।

शिविर में सूबेदार प्रदीप रोका एवं हवलदार कमान सिंह ने कैडेटों को निशानेबाजी की तकनीक, हथियार संचालन, सुरक्षा मानक तथा मानसिक एकाग्रता का प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यवाहक निदेशक प्रो. चंद्रकला रावत ने किया और अनुशासन, धैर्य व लक्ष्य साधने के महत्व पर बल दिया। एनसीसी अधिकारी सब लेफ्टिनेंट प्रो. रीतेश साह ने शूटिंग के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी, जबकि सीटीओ प्रो. आशीष मेहता ने प्रशिक्षण के माध्यम से नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास विकसित करने पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय में आधुनिक फायरिंग रेंज एवं सिम्युलेटर की स्थापना कुलपति प्रो.कर्नल दीवान एस रावत की पहल पर की गई है, जिससे कैडेटों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story