कालाढूंगी और चकलुआ में खाद्य प्रतिष्ठानों के सात नमूने जांच को भेजे

WhatsApp Channel Join Now
कालाढूंगी और चकलुआ में खाद्य प्रतिष्ठानों के सात नमूने जांच को भेजे


नैनीताल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कालाढूंगी, चकलुआ और नयागांव में अभियान चलाया। इस दौरान दूध, खोया और मिठाइयों के सात नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजे गये। टीम ने चार दर्जन से अधिक दुग्ध वाहनों और एक दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

खाद्य संरक्षा आयुक्त एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर कुमाऊं अशोक कुमार फुलोरिया के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में चार वाहनों से दूध के चार, एक प्रतिष्ठान से खोया का एक तथा दो मिठाई प्रतिष्ठानों से गुलाब जामुन और छैना मिठाई के दो नमूने लिये गये। प्रतिष्ठान संचालकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने, बिना बिल खरीद न करने, स्टॉक का विवरण रखने, कालातीत सामग्री का भंडारण और बिक्री न करने तथा प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई रखने के निर्देश दिये गये।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को सही श्रेणी का अनिवार्य लाइसेंस बनवाकर प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिये। ऐसा न करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 31(1) और 31(2) के तहत विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

अभियान में असिस्टेंट कमिश्नर अजब सिंह रावत, राजस्व विभाग के कानूनगो राजीव कुमार बिष्ट, पटवारी हरीश गोस्वामी और शबनम परवीन तथा पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक चंद्रमोहन, हेड कांस्टेबल आनंद राम और कुबेर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story