कांवड़ मेले के बाद स्वच्छता की कमान संभालने मैदान में उतरे एनसीसी कैडेट्स

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ मेले के बाद स्वच्छता की कमान संभालने मैदान में उतरे एनसीसी कैडेट्स


कांवड़ मेले के बाद स्वच्छता की कमान संभालने मैदान में उतरे एनसीसी कैडेट्स


हरिद्वार, 17 अगस्त (हि.स.)। धर्मनगरी में विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन के ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ अभियान को गति देने के लिए एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छता की कमान संभाल ली है। मेले के बाद कांवड़ मार्ग और घाटों पर पीछे छूटे कूड़े-कचरे से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोकने के उद्देश्य से शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने सोमवार को वृहद स्वच्छता अभियान चलाया।

सिंहद्वार से अग्रसेन घाट तक चला महाभियान

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंतुरा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में विद्यालय की बॉयज और गर्ल्स एनसीसी प्लाटून ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कैडेट्स ने सिंहद्वार से प्रेम नगर आश्रम चौक, सतनाम साक्षी घाट और अग्रसेन घाट तक कांवड़ पटरी के आसपास सफाई अभियान चलाया। इस दौरान कैडेट्स ने मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में बिखरी प्लास्टिक की पन्नियां, पॉलिथीन, रैपर, कपड़े, जूते-चप्पल सहित अन्य कचरा एकत्र किया और उसे सुरक्षित निस्तारण के लिए अलग किया। एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और टीम भावना के साथ कई घंटे तक सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

युवाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश

कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन के कारण मार्गों और घाटों पर बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो गया था। ऐसे में एनसीसी कैडेट्स का सफाई अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कैडेट्स ने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें और प्लास्टिक का कम से कम इस्तेमाल करें। अभियान में युवाओं के उत्साह और सेवा भावना को देखकर स्थानीय लोगों ने भी उनकी सराहना की। कैडेट्स ने स्वच्छता को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी न मानते हुए आम नागरिकों से भी इसमें भागीदारी करने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य और एनसीसी प्रशिक्षकों ने बढ़ाया उत्साह

अभियान के दौरान शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद्र भट्ट ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। एनसीसी प्रशिक्षक आशीष राजपूत और मनोज कुमार के नेतृत्व में कैडेट्स ने पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ स्वच्छता अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। जिला प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ हरिद्वार के संकल्प को मजबूत करने के लिए आगे आने पर विद्यालय प्रबंधन, एनसीसी प्रशिक्षकों और सभी कैडेट्स की सराहना की। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले के बाद स्वच्छता अभियान को व्यापक रूप से जारी रखते हुए धर्मनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story