कांवड़ मेला: सिडकुल कंपनियों के साथ पुलिस की अहम बैठक, यातायात व्यवस्था को लेकर बनाई रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ मेला: सिडकुल कंपनियों के साथ पुलिस की अहम बैठक, यातायात व्यवस्था को लेकर बनाई रणनीति


हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में एसपी यातायात निशा यादव की अध्यक्षता में सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा हुई। औद्योगिक क्षेत्र में मालवाहक वाहनों के संचालन, कर्मचारियों के आवागमन, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व औद्योगिक गतिविधियों के संचालन के संबंध में विभिन्न सुझावों और व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया।

एसपी यातायात निशा यादव ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस और औद्योगिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी कंपनियों से पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करने और किसी भी संभावित समस्या के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

बैठक में मौजूद सभी कंपनी प्रतिनिधियों ने हरिद्वार पुलिस को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कांवड़ मेले के दौरान निर्धारित यातायात योजना का पालन करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सीओ यातायात बिपेन्द्र सिंह, निरीक्षक यातायात संदीप नेगी, सीपीयू प्रभारी हितेश कुमार सहित सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story