कांवड़ यात्रा के मद्देनजर लंगर-भंडारों में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच
देहरादून, 28 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग ने यात्रा मार्ग पर संचालित लंगर-भंडारों का आकस्मिक निरीक्षण का अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना और खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान जनपद के गंगोत्री यात्रा मार्ग पर साईं सेवादल रोहतक, नागणी में संचालित लंगर शिवशक्ति कांवड़ सेवा, ताछला में लंगर शिवशक्ति सेवा टूरिस्ट, स्वरूपनगर (दिल्ली) द्वारा फकोट में संचालित लंगर भंडारों का खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत निरीक्षण व नमूना संग्रहण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी संस्थाओं को श्रद्धालुओं को स्वच्छ, ताजा एवं गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कृत्रिम एवं हानिकारक खाद्य रंगों के प्रयोग से पूर्णतः बचने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान लंगर और भंडारों में भोजन व्यवस्था सामान्यतः संतोषजनक पाई गई।
अभियान के दौरान कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्रित कर प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें मिठाई, मठरी, बालूशाही, बर्फी के साथ-साथ चावल, आटा एवं बेसन के नमूने शामिल हैं। निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रमोद रावत एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। इस दौरान 15 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

