कहीं बिजली संकट तो कहीं पेयजल बिल में गड़बड़ी, जनता मिलन में सीडीओ ने सुनी फरियाद

WhatsApp Channel Join Now
कहीं बिजली संकट तो कहीं पेयजल बिल में गड़बड़ी, जनता मिलन में सीडीओ ने सुनी फरियाद


गोपेश्वर, 02 नवम्बर (हि.स.)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में आयोजित साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम में सोमवार को बिजली, पेयजल, रेल परियोजना मुआवजे और भवन निर्माण से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 24 फरियादियों ने मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी के सामने अपनी शिकायतें रखीं। सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में देव नेगी ने सरपाणी ग्राम पंचायत में लो-वोल्टेज की समस्या उठाई। इस पर सीडीओ ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को नया प्रस्ताव तैयार कर समस्या का समाधान करने को कहा। पंकज भंडारी ने रेल परियोजना से संबंधित मुआवजे का मामला उठाया। वहीं होम स्टे के लिए अनुदान प्राप्त करने में आ रही दिक्कत पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वीएस राणा ने शौचालय और सोकता से रिसाव की शिकायत की। इस पर नगर पालिका गोपेश्वर के अधिशासी अधिकारी को कैमरे से जांच कर रिसाव के स्रोत का पता लगाने और समस्या दूर करने को कहा गया। जयचंद ने पेयजल बिल में अनियमितता की शिकायत रखी, जिस पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को जांच कर बिल संबंधी समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

बलवंत सिंह ने अपनी पत्नी का नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज कराने की मांग उठाई। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। पिताम्बरी देवी की भवन निर्माण अनुमति और महेशानंद देवराड़ी की आर्थिक सहायता से जुड़ी शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा शांता देवी, बलवंत प्रसाद, पुष्पा किमोठी और सुमन सिंह सहित अन्य फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।

इस दौरान चमोली के एसडीएम राजकुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771037 Articles

Share this story