कबड्डी प्रतियोगिता में ऋषिकेश विजेता और टिहरी की टीम उप विजेता
नई टिहरी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भाजयुमो टिहरी और युवा तरूणाई की ओर से बौराड़ी स्टेडियम में खेल महोत्सव के तहत कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में ऋषिकेश विजेता और टिहरी की टीम उप विजेता रही। प्रतियोगिता में 15 टीमों ने प्रतिभाग किया। कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मनीष राणा और मंडल आईटी संयोजक परमजीत राणा ने किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं में खेल भावना को विकसित करने और खेलकूद को आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास में लगी है। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेल प्रतियोगिता में जरूर प्रतिभाग कर खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहिए। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला ऋषिकेश और टिहरी की टीमों के बीच खेला गया।
जिसमें ऋषिकेश विजेता और टिहरी उप विजेता रहा। विजेता टीम को 2100 तथा उपविजेता टीम को 1100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अक्षित भट्ट, अंकुश कोहली, अभिषेक भट्ट, आदित्य, मोहन शाह, अरमान भंडारी आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

