ओवरचार्जिंग पर परिवहन विभाग का एक्शन, 25 वाहनों के चालान, पांच सीज़

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 13 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले परिवहन विभाग ने यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने वाले ऑटो चालकों पर सख्ती दिखाई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सोमवार को चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान में 25 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता पर 5 वाहनों को सीज़ किया गया।

अभियान का नेतृत्व एआरटीओ(प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। परिवहन टीमों ने आम यात्रियों के रूप में सफर कर किराया वसूली की जांच की। इस दौरान कई चालक निर्धारित दर से अधिक किराया लेते पाए गए।

एक मामले में ई-रिक्शा चालक ने भेल फाउंड्री गेट से विकास भवन तक करीब 8 किमी की यात्रा के लिए ₹200 वसूले, जबकि निर्धारित दर ₹12 प्रति किमी के हिसाब से किराया ₹96 बनता था। दोगुने से अधिक किराया वसूलने पर उक्त ई-रिक्शा को तत्काल सीज़ कर दिया गया।

परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई का उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को निर्धारित दर पर सुरक्षित एवं पारदर्शी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

एआरटीओ नेहा झा ने कहा कि निर्धारित किराए से अधिक वसूली गंभीर अनियमितता है। यात्रियों का आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विभाग ने सभी ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से निर्धारित किराया सूची का पालन करने की अपील की है। आमजन से भी ओवरचार्जिंग की सूचना परिवहन विभाग या जिला प्रशासन को देने का आग्रह किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story