एस.एम.जे.एन. कॉलेज में हिंदी सप्ताह का शुभारंभ, प्रश्नोत्तरी और स्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
एस.एम.जे.एन. कॉलेज में हिंदी सप्ताह का शुभारंभ, प्रश्नोत्तरी और स्लोगन प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया उत्साह


हरिद्वार, 10 सितंबर (हि.स.) एसएमजेएन पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर 9 से 15 सितंबर तक हिंदी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को पहले दिन हिंदी ज्ञान प्रश्नोत्तरी और सामाजिक जागरूकता विषय पर स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, पर्यावरण प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना , लीगल ऐड सेल, एंटी ड्रग सेल और मानक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतिभागियों ने आकर्षक पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर प्रभावी संदेश दिए।

कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रवींद्र पुरी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और संस्कृति का प्रतीक है। इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और छिपी हुई प्रतिभाओं का विकास होता है। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माहेश्वरी और राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष विनय थपलियाल ने हिंदी के स्वरूप और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।

हिंदी ज्ञान प्रश्नोत्तरी में हिंदी भाषा, साहित्य, पर्यावरण और भारतीय संविधान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वालों में मानसी, प्राची, देव, अपराजिता, निखिल, तनु, हिमांशी, तनीषा, आकाश, वैशाली, विशाखा, प्रिंसी राजपूत, रोहित, निकिता, प्रियांशु, संध्या और मुंतजिर शामिल रहे।

स्लोगन प्रतियोगिता में बीए की ओमिशा प्रथम, बीकॉम की आयुषी और बीए की कशिश संयुक्त रूप से द्वितीय, तथा खुशी शर्मा और लक्ष्मी सक्सेना संयुक्त रूप से तृतीय रहीं। मंथन, हिमांशी और मानसी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम का संयोजन व संचालन हिंदी विभाग की डॉ. लता शर्मा, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. रेनू सिंह और डॉ. अनुरिशा ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story