उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वाँ दीक्षांत समारोह, शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियाँ प्रदान की
हल्द्वानी , 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वाँ दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में उत्तराखण्ड के राज्यपाल व विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ और भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की गई।
समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ।
राज्यपाल व अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय की शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया गया।
मुख्य दीक्षांत समारोह का संचालन विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट ने किया। प्रारंभ में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन, माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि प्रो. नागेश्वर राव तथा मानद उपाधि प्राप्तकर्ता श्री अश्वनी लोहनी का स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्णतः साक्षर राज्य बना है। उन्होंने जानकारी दी कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में अध्ययन पूर्ण करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को उपाधियाँ डिजिलॉकर के माध्यम से प्रदान की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि तथा 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जा रहे हैं। इन 36 स्वर्ण पदकों में 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं।
प्रगति रिपोर्ट में कुलपति ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं सामुदायिक पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय वर्तमान में 8 क्षेत्रीय केंद्रों एवं 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से संचालित हो रहा है तथा इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र तथा कुमाऊँनी, गढ़वाली, नेपाली एवं जापानी भाषा के पाठ्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को रेगुलेटरी अथॉरिटी एवं ड्यूल रिकग्निशन प्राप्त होने के बाद सहायक होमस्टे प्रबंधक पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किया गया है। परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी किए गए। कुलपति ने जन-जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 231 जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई व एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। सैन्य प्रतिष्ठानों एवं कारागारों में पाँच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए आठ गाँवों में 'गाँव गौरव' एवं 'उच्च शिक्षा आपके द्वार' जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने सामुदायिक रेडियो 'हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम', 'फिन बोध', 'उत्तरावाणी' एवं 'मुक्त ज्ञान कोष' जैसी पहलों के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से हुए शैक्षणिक समझौतों, शोध अनुदान, शोधार्थियों को प्रदान की गई अध्येतावृत्ति तथा शिक्षकों की शोध उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन, 135 शोध पत्र तथा UCOST सहित सात पुरस्कारों के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।
इसके पश्चात दीक्षोपदेश एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी संदेश प्रस्तुत किए गए। समारोह में आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि प्रदान की गई। पीएच.डी. उपाधि प्राप्त करने वाले आठ शोधार्थियों में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल शामिल हैं। साथ ही 36 मेधावी शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय, कुलाधिपति एवं प्रायोजित स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने विद्यार्थियों को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प भी दिलाया।
समारोह में अश्वनी लोहनी को उनके प्रशासनिक, प्रबंधकीय एवं व्यावसायिक योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री लोहनी ने भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक व भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सहित अनेक महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। रेलवे, विमानन एवं पर्यटन के क्षेत्र में उनके योगदान उल्लेखनीय रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

