उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के दुर्लभ छायाचित्रों की प्रदर्शनी शुरू

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के दुर्लभ छायाचित्रों की प्रदर्शनी शुरू


नैनीताल, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के संघर्ष और शहीदों के बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर स्थित इतिहास विभाग के हिमालय संग्रहालय में 12 दिवसीय विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। 19 से 30 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों के छायाचित्रों, ऐतिहासिक पत्रों और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री को प्रदर्शित किया जा रहा है।

प्रदर्शनी के माध्यम से वर्ष 1994 के ऐतिहासिक राज्य आंदोलन, आंदोलनकारियों के संघर्ष और खटीमा, मसूरी तथा मुजफ्फरनगर जैसी घटनाओं की स्मृतियों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि लंबे संघर्ष और जनआंदोलन के परिणामस्वरूप 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड पृथक राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को राज्य निर्माण के वास्तविक इतिहास से परिचित कराने के साथ शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने की प्रेरणा देना है।

प्रदर्शनी में रखे पत्रों और छायाचित्रों का विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों और अन्य आगंतुकों ने अवलोकन किया। आगंतुकों ने संग्रहालय में प्रदर्शित दुर्लभ एवं महत्वपूर्ण छायाचित्रों और अन्य ऐतिहासिक सामग्री को राज्य के इतिहास को जानने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इस अवसर पर इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. संजय टम्टा, संग्रहालय प्रभारी प्रो. सावित्री जन्तवाल, प्रो. संजय घिल्डियाल, प्रो. रीतेश साह, डॉ. शिवानी रावत, डॉ. मनोज बाफिला, डॉ. पूरन अधिकारी, डॉ. भुवन शर्मा, डॉ. हरदयाल जलाल, डॉ. विरेन्द्र पाल, डॉ. शिवराज कपकोटी, अनूप कुमार, भुवन पाठक, नीरज बिष्ट, रोहित भाकुनी और किशोर जोशी सहित अनेक शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story